प्रतीक्षा
बारिश बहुत है, इतनी तेज़ कि सड़क पार का घर कुछ धुँधला ही दिख रहा है, मेरे जूतों में पानी भरा है, और चश्मे पर पानी की बूँदें हैं, एक डफ़ल बैग को मैंने पुरानी बेंच पर रखा है और लैपटॉप वाला बैग कंधे पर है, सुबह लेट उठा तो हॉस्टल में नाश्ता नहीं मिला, बारिश इतनी थी कि हॉस्टल से हाईवे तक आने में पूरा भीग गया, तो आने में देरी हुई, तो बस भी निकल गई, और उस बस के साथ-साथ 400 रुपये भी... मैं नीचे मेरे जूतों को नहीं देख रहा हूँ, कीचड़ देखकर, गैग reflex जैसा कुछ होता है, फोन भी कम चार्ज है, कहीं ज़्यादा देर चलाया तो दम तोड़ देगा, अभी तक माँ के दो कॉल आ चुके हैं, वो परेशान हैं कि मैं बस में बैठा कि नहीं, दूसरे कॉल में मुझे थोड़ी झुँझलाहट हुई और मैंने कहा कि माँ दूसरी बस आ रही है, बैठकर बताता हूँ। बस की प्रतीक्षा में अब मस्तिष्क भी जवाब दे रहा है, धीरे-धीरे अपना दर्द छोड़ रहा है। कुछ देर में बस आती है और अपनी सीट पर मैं बैठ जाता हूँ। अपने गीले जूतों को खोलता हूँ और कुछ देर पैर सीधे कर के आराम करता हूँ। बस की दूसरी रो में, मेरे दाएँ हाथ पर एक महिला बैठी हैं, लगभग मेरी माँ की उम्र की और उनके पास...